झारखंड और महाराष्ट्र में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों में अब कुछ चंद घंटों की दूरी बची है। आज सुबह से हो रही मतगणना में महाराष्ट्र में बीजेपी घटक दलों को पूर्ण बहुमत का अनुमान है। वहीँ, झारखंड में इंडिया ब्लॉक को बहुमत मिलता दिख रहा है। महाराष्ट्र के रुझानों से पता चलता है कि महायुति यानी बीजेपी घटक दलों को बम्पर सीटें मिल रही हैं।
रुझानों से इतना तो तय लग रहा है कि इस बार ठाकरे फैक्टर महाराष्ट्र में काम नहीं कर पाया। एक तरफ जहाँ यह अनुमान लगाया जा रहा था कि उद्धव ठाकरे को लोगों की सहानुभूति मिल सकती है लेकिन वह काम नहीं आई।
महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों के लिए वोटों की गिनती आज सुबह 8 बजे से शुरू हुई। इन राज्यों के साथ ही और देश में हर मतदाता उत्सुक निगाहों से चुनाव परिणामों का इंतजार कर रहा है। महाराष्ट्र विधानसभा की 288 सीटों के लिए एक ही चरण में मतदान हुआ, जबकि 81 झारखंड विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में मतदान हुआ था।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के समर्थकों ने पटाखे फोड़ने शुरू कर दिए हैं। चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार अजित पवार 15,382 वोटों से आगे चल रहे हैं। महायुति ने राज्य में 145 सीटों के बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया है। बीजेपी 118, शिवसेना 56, एनसीपी 37 पर आगे है।
महाराष्ट्र चुनाव में संभावित हार को देखते हुए संजय राउत ने कहा कि नतीजों में गड़बड़ हुई है। उन्होंने कहा कि अब महाराष्ट्र को विपक्ष का नेता भी नहीं मिलेगा।


