तिरुपति मंदिर में भगदड़ से अबतक करीब 7 लोगों की मौत की खबर है। इस भगदड़ में दर्जनों लोग बुरी तरह से घायल हैं। कई घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
असल में तिरुमला स्थित भगवान वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में बुधवार रात भगदड़ मचने से 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कई घायल हो गए। यह भगदड़ उस समय मची, जब वैकुंठ द्वार दर्शनम के लिए हजारों लोग टिकट पाने की कोशिश कर रहे थे।
गौरतलब है कि देश भर से हजारों श्रद्धालु 10 जनवरी से शुरू होने वाले 10 दिवसीय वैकुंठ द्वार दर्शनम के लिए तिरुपति पहुंचे हैं।
तिरुपति मंदिर में भगदड़ के पीछे क्या है वजह?
तिरुपति वैकुंठ द्वार से दर्शन के लिए टोकन जारी करने के दौरान यह घटना पेश आई। असल में वैकुंठ द्वार दर्शन टोकन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ने से भगदड़ मच गई। मंदिर प्रशासन की तरफ से गुरुवार की सुबह पांच बजे से टोकन जारी करने की व्यवस्था की गई है। लेकिन भक्त इस वैकुंठ द्वार के दर्शन टोकन के लिए बुधवार शाम से ही काउंटरों पर पहुंच गए।
आपको बताते चलें कि एसएसडी टोकन जारी करने के लिए तिरुपति में 8 केंद्र स्थापित किए गए हैं। आठ केंद्रों पर 90 काउंटर बनाये गये हैं। लेकिन इन काउंटरों पर श्रद्धालुओं की लाइन लगी रही।
तिरुपति मंदिर में भगदड़ की घटना पर मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के कार्यालय ने जानकारी ली है। उन्होंने कलेक्टर, एसपी, टीटीडी अधिकारियों से बात की और विवरण जाना। अधिकारियों को घटना स्थल पर राहत उपाय करने का आदेश दिया गया। इस घटना पर उन्होंने शोक व्यक्त किया है।


