उत्तराखंड में बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हुआ है। केदारनाथ से गुप्तकाशी जा रहा हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। इस हादसे में कुल 7 सवारों की मौत की खबर है। इस दुखद हादसे में मारे गए लोगों में एक बच्चा भी शामिल था।
15 जून 2025 की सुबह लगभग 5:20 बजे, केदारनाथ से लौट रहे एक हेलीकॉप्टर ने गढ़रूमडि (त्रिजुगीनारायण) से गौरीकुंड के बीच अचानक संपर्क खो दिया। इसके बाद हेलीकॉप्टर में सवार सभी सात लोग मारे गए हैं।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, विमान में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात के यात्रियों के साथ पायलट शामिल थे। हादसा स्थल पर खराब मौसम ने बचाव कार्यों को बेहद जटिल बना दिया है। SDRF, NDRF और स्थानीय पुलिस की टीमें बचाव कार्यों में जुटी हैं।
गौरतलब है कि पिछले एक महीने में चारधाम यात्रा मार्ग पर हेलीकॉप्टर से जुड़ी यह चौथी बड़ी घटना है। इससे पहले भी एक हेलीकॉप्टर को खराबी के कारण सड़क पर आपात लैंडिंग करनी पड़ी थी, जबकि एक अन्य घटना में एयर एंबुलेंस क्रैश हुई थी। इस लगातार बढ़ती दुर्घटनाओं ने प्रशासन और नागरिक उड्डयन विभाग को चिंतित कर दिया है।
डीजीसीए ने चारधाम क्षेत्र में हेलीकॉप्टर सेवाओं की सुरक्षा जांच के आदेश दिए हैं। अब सभी ऑपरेटरों के लाइसेंस, उपकरण, उड़ान प्रशिक्षण और मौसम मापनी प्रणाली की जांच की जाएगी। सुरक्षा नियमों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित कंपनियों पर कार्रवाई की जाएगी।


