छत्तीसगढ़ को आज मिल सकता है नया मुख्य सचिव, अमिताभ जैन हो रहे रिटायर

छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। राज्य के मुख्य सचिव अमिताभ जैन सोमवार को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इसी के चलते आज शाम तक प्रदेश को 13वां मुख्य सचिव मिलने की पूरी संभावना है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय में आयोजित कैबिनेट बैठक में नए मुख्य सचिव की घोषणा पर मुहर लग सकती है।

मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों के मुताबिक, आज दोपहर कैबिनेट बैठक के एजेंडे में कई विकास और प्रशासनिक मामलों के साथ-साथ नए मुख्य सचिव की नियुक्ति का मुद्दा भी प्रमुख रूप से शामिल है। अमिताभ जैन को बैठक में औपचारिक विदाई दी जाएगी। इसके बाद देर शाम तक नए मुख्य सचिव के नाम का ऐलान किया जा सकता है।

ये अधिकारी दौड़ में सबसे आगे

राज्य में शीर्ष नौकरशाही के इस अहम पद को संभालने के लिए तीन वरिष्ठ IAS अधिकारियों के नाम सबसे ज्यादा चर्चा में हैं:

  1. रेणु जी पिल्ले (1991 बैच) – वर्तमान में अतिरिक्त मुख्य सचिव (धर्म, जनसंपर्क विभाग) के रूप में सेवाएं दे रही हैं। सख्त और अनुशासित कार्यशैली के लिए जानी जाती हैं।
  2. सुब्रत साहू (1992 बैच) – अतिरिक्त मुख्य सचिव के रूप में राज्य निर्वाचन और गृह विभाग में महत्वपूर्ण अनुभव रखते हैं। उनकी प्रशासनिक दक्षता और शांत स्वभाव के चलते उन्हें प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
  3. मनोज पिंगुआ (1994 बैच) – गृह एवं जेल विभाग में ACS के साथ ही छत्तीसगढ़ IAS एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं। मुख्यमंत्री से अच्छे कार्यसंपर्क के कारण इनके नाम पर भी चर्चा है।

सूत्रों की मानें तो सुब्रत साहू और पिंगुआ में सीधी टक्कर है। मुख्यमंत्री किसे अंतिम रूप से चुनेंगे, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।

सेवानिवृत्त होने वाले मुख्य सचिव अमिताभ जैन शाम 5 बजे अपने पद से औपचारिक विदाई लेंगे। इससे पहले या तुरंत बाद ही सरकार नए मुख्य सचिव की घोषणा कर सकती है। मुख्यमंत्री और राज्यपाल की बीच हाल ही में राजभवन में हुई मुलाकात को भी इस फैसले से जोड़कर देखा जा रहा है।

मुख्य सचिव राज्य की नौकरशाही का सबसे बड़ा पद होता है। मुख्यमंत्री के प्रमुख सलाहकार के तौर पर वे नीति निर्धारण, बजट क्रियान्वयन, विधानसभा की कार्यवाही और कानून-व्यवस्था जैसे अहम मामलों की मॉनिटरिंग करते हैं।

आज छत्तीसगढ़ में नौकरशाही का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। कौन होगा राज्य का 13वां मुख्य सचिव, इस पर से आज देर शाम तक पर्दा उठ जाएगा। सुब्रत साहू का लंबा प्रशासनिक अनुभव हो या पिंगुआ की तेज-तर्रार कार्यशैली — दोनों में से कोई भी नाम आए, यह नियुक्ति राज्य की आगामी विकास प्राथमिकताओं को नई दिशा देने वाली साबित होगी।

Nation TV
Author: Nation TV

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
Infoverse Academy