यूक्रेन-रूस युद्ध पर पीएम मोदी से जेलेंस्की की बात, जल्द भारत आने की संभावना

नई दिल्ली: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की है। इस दौरान दोनों नेताओं ने यूक्रेन और रूस के बीच चल रहे युद्ध और इसके वैश्विक प्रभाव पर चर्चा की। इस बातचीत के बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि जेलेंस्की जल्द ही भारत की यात्रा पर आ सकते हैं।


फोन पर क्या बात हुई?

दोनों राष्ट्राध्यक्षों के बीच हुई बातचीत के बारे में जानकारी देते हुए, भारतीय विदेश मंत्रालय ने बताया कि पीएम मोदी ने यूक्रेन में शांति बहाल करने के लिए भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि भारत बातचीत और कूटनीति के जरिए इस समस्या का समाधान चाहता है। वहीं, जेलेंस्की ने यूक्रेन की मौजूदा स्थिति और शांति प्रयासों पर पीएम मोदी से चर्चा की। उन्होंने यूक्रेन को दी गई मानवीय सहायता के लिए भारत का आभार भी व्यक्त किया।


भारत यात्रा की संभावना

इस बातचीत के बाद राजनीतिक गलियारों में जेलेंस्की की भारत यात्रा को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अगर यह दौरा होता है, तो यह जेलेंस्की का भारत का पहला दौरा होगा। विश्लेषकों का मानना है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति भारत आकर अपने शांति प्रस्ताव (Peace Formula) के लिए भारत का समर्थन हासिल करने की कोशिश कर सकते हैं।

भारत, जो कि G20 जैसे प्रमुख वैश्विक मंचों पर एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, रूस और यूक्रेन दोनों के साथ अपने संबंध बनाए हुए है। पीएम मोदी ने पहले भी रूस और यूक्रेन के बीच शांति स्थापित करने की कोशिश की है, जिसमें उनका “यह युद्ध का युग नहीं है” वाला बयान काफी प्रसिद्ध हुआ था।

जेलेंस्की की सभावित भारत यात्रा से भारत को यूक्रेन-रूस संघर्ष में अपनी भूमिका को और मजबूत करने का मौका मिल सकता है, साथ ही यह भारत की विदेश नीति की स्वतंत्र और संतुलित स्थिति को भी दर्शाता है।

Nation TV
Author: Nation TV

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
Infoverse Academy