फरीदाबाद में बरामद विस्फोटक कश्मीर में फटा, नौगाम थाने में ब्लास्ट से 9 की मौत, दर्जनों घायल

नौगांव ब्लास्ट

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर जिले के बाहरी इलाके में स्थित नौगाम पुलिस थाने में बुधवार देर रात एक भीषण धमाका हुआ, जिसमें कम से कम 9 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और 30 से अधिक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि थाने की इमारत को भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने इसे आतंकी हमला मानने से इनकार करते हुए ‘दुर्भाग्यपूर्ण हादसा’ बताया है।

देर रात हुआ भीषण विस्फोट

यह दुखद घटना बुधवार देर रात करीब 11:45 बजे नौगाम पुलिस थाने के एक बैरक में हुई। बताया जाता है कि बैरक में उस समय कई पुलिसकर्मी ड्यूटी के बाद आराम कर रहे थे। धमाके की आवाज़ कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया।

धमाके के तुरंत बाद थाने में अफरा-तफरी मच गई। आस-पास के थानों से अतिरिक्त बल और बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

पुलिस ने बताया ‘दुर्भाग्यपूर्ण हादसा’

हालांकि, यह क्षेत्र आतंकी गतिविधियों के लिए जाना जाता है, लेकिन जम्मू-कश्मीर पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद इसे आतंकी हमला मानने से इनकार कर दिया है। जम्मू-कश्मीर के नौगाम थाने में हुए धमाके को डीजीपी नलिन प्रभात ने एक दुर्घटना बताया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई आतंकी हमला नहीं था, बल्कि फरीदाबाद से लाये गए विस्फोटक की सैंपलिंग करने के दौरान हुआ था।

इस भीषण हादसे के बाद राज्य प्रशासन में शोक की लहर है। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल (LG) ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

Nation TV
Author: Nation TV

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
Infoverse Academy