हाल ही में पश्चिम बंगाल में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामने आई है, जहां हिंसा भड़क उठी और इस दौरान कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है। दक्षिण 24 परगना जिले के रवींद्रनगर इलाके में बुधवार को दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हो गई।
विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता पुलिस मुख्यालय के बाहर धरना दिया और केंद्रीय बलों की तैनाती की मांग की। उन्होंने राज्यपाल डॉ. सी.वी. आनंद बोस से रवींद्रनगर थाने के इंस्पेक्टर मुकुल मिया को निलंबित कर उनकी भूमिका की जांच करने की मांग भी की है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, विवाद की शुरुआत आपसी रंजिश को लेकर हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। पुलिस के हस्तक्षेप करने पर उपद्रवियों ने पथराव शुरू कर दिया, जिसमें कम से कम चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने ऐहतियात के तौर पर इलाके में धारा 144 लागू कर दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोषियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इलाके में तनाव बना हुआ है, लेकिन पुलिस लगातार गश्त कर रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।


