तेजस्वी यादव और विजय सिन्हा के बीच ‘दो EPIC को लेकर तीखी जुबानी जंग

पटना: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा पर दो EPIC (इलेक्टर फोटो आइडेंटिटी कार्ड) रखने के आरोप के बाद राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर बवाल मच गया है। तेजस्वी के आरोपों पर पलटवार करते हुए विजय सिन्हा ने अपनी सफाई पेश की है, जिससे यह मुद्दा और भी गरमा गया है।

तेजस्वी यादव का आरोप

तेजस्वी यादव ने विधानसभा में दावा किया कि उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के पास दो EPIC कार्ड हैं। उन्होंने कहा कि एक EPIC कार्ड में विजय सिन्हा का पता लखीसराय का है और दूसरे में उनका पता पटना का है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दोनों कार्डों में उनकी उम्र भी अलग-अलग है, जिसे उन्होंने “फर्जीवाड़ा” करार दिया। तेजस्वी ने सवाल उठाया कि जब उपमुख्यमंत्री खुद नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, तो वह किस तरह से संवैधानिक पद पर बने रह सकते हैं।

विजय सिन्हा का पलटवार और सफाई

तेजस्वी के आरोपों के जवाब में, उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने स्वीकार किया कि उनका नाम दो जगहों की मतदाता सूची में है, लेकिन उन्होंने इसे नियमों का उल्लंघन नहीं बताया। उन्होंने कहा कि उनका नाम पहले बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र (पटना) की मतदाता सूची में था, लेकिन जब वह लखीसराय से चुनाव लड़े, तो उन्होंने अपना नाम वहां की मतदाता सूची में जुड़वा लिया।

विजय सिन्हा ने कहा कि उन्होंने पटना से अपना नाम हटवाने के लिए आवेदन दिया हुआ है और इसके लिए उनके पास बाकायदा रसीद भी है। उन्होंने तेजस्वी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि विपक्ष जानबूझकर इस तरह की बातें कर संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठा रहा है।

उन्होंने तेजस्वी पर “जंगलराज का युवराज” कहकर तंज कसा और कहा कि “यह लोग राजनीति की विश्वसनीयता को घटा रहे हैं और अपने कलंक को दूसरों पर लगाने की कोशिश कर रहे हैं।” विजय सिन्हा ने कहा कि चुनाव आयोग ने मतदाता सूची में संशोधन के लिए एक महीने का समय दिया है, जिसका फायदा उठाकर वह अपना नाम ठीक करवा रहे हैं।

Nation TV
Author: Nation TV

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
Infoverse Academy