प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को बिहार में कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के एक मंच से अपनी दिवंगत मां के खिलाफ कथित तौर पर इस्तेमाल की गई अपशब्दों पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ये गालियां सिर्फ उनकी मां का अपमान नहीं, बल्कि देश की हर मां, बहन और बेटी का अपमान है। पीएम मोदी ने भावुक होकर कहा कि बिहार, जहां गंगा और छठी मइया की पूजा होती है, वहां इस तरह का अपमान असहनीय है। उन्होंने कांग्रेस और आरजेडी से छठ पूजा से पहले ‘छठी मइया’ से माफी मांगने की मांग की।
‘गरीब मां के बेटे’ को मिला जनता का आशीर्वाद
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बिहार में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी मां का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं था, फिर भी उन्हें निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा, “ये गालियां सिर्फ मेरी मां का अपमान नहीं है। ये देश की मां, बहन, बेटी का अपमान है।” उन्होंने आरोप लगाया कि ‘नामदार’ लोग, जो सोने-चांदी के चम्मच लेकर पैदा हुए हैं, एक गरीब मां के बेटे को प्रधानमंत्री बनते देख पचा नहीं पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यही वजह है कि ऐसे लोग आए दिन उन्हें अपशब्द कहते रहते हैं।
छठी मइया और माताओं का अपमान
पीएम मोदी ने बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि यह वही धरती है जहां नदियों को ‘मैया’ कहकर पूजा जाता है और जहां छठ पूजा का महापर्व मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे राज्य में माताओं का अपमान करने वालों को न केवल उन्हें, बल्कि पूरे बिहार और ‘छठी मइया’ को जवाब देना होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार की जनता इस अपमान का बदला लेगी।
विपक्ष पर जमकर साधा निशाना
पीएम मोदी ने कहा कि उनकी मां ने उन्हें देश की करोड़ों माताओं और गरीबों की सेवा करने के लिए अपना जीवन समर्पित करने को कहा था। उन्होंने कहा कि जब वह अपने जीवन के अंतिम पड़ाव पर थीं, तब भी उनकी मां का राजनीति से कोई संबंध नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और आरजेडी ने जानबूझकर एक ऐसी महिला को निशाना बनाया, जो अब इस दुनिया में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उनकी इस टिप्पणी से उनकी मां का नहीं बल्कि कांग्रेस-आरजेडी का ‘घिनौना’ चेहरा सबके सामने आ गया है।
मामले पर राजनीतिक प्रतिक्रिया
इस घटना के बाद से बिहार की राजनीति में उबाल आ गया है। बीजेपी ने इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए कांग्रेस और आरजेडी पर हमला बोला है। बीजेपी नेताओं ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव से इस घटना पर तुरंत माफी मांगने की मांग की है।


